🟥 गोमती नगर विस्तार में डोर-टू-डोर कलेक्शन और कूड़ा उठान व्यवस्था बदहाल
लखनऊ। राजधानी के वीवीआईपी इलाके गोमती नगर विस्तार में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम जोन-4 के अंतर्गत आने वाली प्रमुख सड़कों और वीआईपी मार्गों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। सड़क किनारे फैली गंदगी और समय पर कूड़ा उठान न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।।
🟥 डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था पर सवाल नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निजी एजेंसी लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) को सौंपी गई है, लेकिन जमीनी हालात इसके उलट दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क सफाई और सेकेंडरी कूड़ा उठान व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में समय से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा, जिसके कारण सड़क किनारे घंटों तक कूड़ा जमा रहता है और बदबू व गंदगी का माहौल बना रहता है।
🟥“एसी कमरों से हो रही मॉनिटरिंग” स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग सिर्फ दफ्तरों और एसी कमरों तक सीमित होकर रह गई है। जमीनी स्तर पर अधिकारी और जिम्मेदार एजेंसी के कर्मचारी सड़कों पर नजर नहीं आ रहे। गोमती नगर विस्तार जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में फैली गंदगी अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है।
🟥 महापौर के निर्देशों का नहीं दिख रहा असर बताया जा रहा है कि महापौर सुषमा खर्कवाल लगातार शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं, लेकिन जोन-4 में इन निर्देशों का कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा।
🟥 नगर आयुक्त की मेहनत भी बेअसर नगर आयुक्त गौरव कुमार लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा बैठकों के जरिए सफाई व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं। इसके बावजूद सड़क पर फैली गंदगी यह दिखा रही है कि जिम्मेदार एजेंसियां नगर निगम के प्रयासों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।
🟥 स्वच्छता रैंकिंग पर पड़ सकता है असर स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम बड़े दावे कर रहा है, लेकिन वीवीआईपी सड़कों पर फैला कूड़ा राजधानी की स्वच्छता रैंकिंग को प्रभावित कर सकता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो लखनऊ की छवि पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।
🟥 कार्रवाई की मांग तेज क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि डोर-टू-डोर कलेक्शन, सड़क सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राजधानी की सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।