ऑनलाइन व्यापार के विरुद्ध व्यापारियों की बुलंद हुई आवाज: सांसद रवि किशन ने लोकसभा में उठाई सख्त नियमों की मांग

यू.बी. सिंह की खास रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की पहल पर स्थानीय छोटे और फुटकर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रदेश के समस्त जनपदों में ऑनलाइन व्यापार के अनियंत्रित विस्तार से प्रभावित हो रहे व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा चलाए गए अभियान के अंतर्गत, गोरखपुर के लोकप्रिय सांसद श्री रवि किशन जी ने इस गंभीर विषय को देश की सबसे बड़ी पंचायत, लोकसभा में प्रमुखता से उठाया है।
सांसदों को सौंपा गया था ज्ञापन
विदित हो कि हाल ही में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की गोरखपुर इकाई द्वारा सांसद रवि किशन जी को और जनपद की प्रत्येक इकाई द्वारा अपने जनपद के सांसदों को एक ज्ञापन सौंपा गया था। इस ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को संबोधित करते हुए मांग की गई थी कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते प्रभाव के कारण जमीनी स्तर पर व्यापार कर रहे छोटे और मंझोले व्यापारियों का अस्तित्व संकट में है। इसके लिए सख्त कानून और नियमावली बनाए जाने की तत्काल आवश्यकता है।
लोकसभा में गूंजी व्यापारियों की पीड़ा
व्यापारियों की पीड़ा को समझते हुए सांसद रवि किशन ने सदन में प्रभावी ढंग से अपनी बात रखते हुए ऑनलाइन व्यापार पर लगाम लगाने और इसके लिए कड़े नियम बनाने की मांग की। उन्होंने छोटे व्यापारियों के आर्थिक हितों के संरक्षण को देश की अर्थव्यवस्था के लिए अनिवार्य बताया।
व्यापार मंडल ने जताया आभार
सांसद रवि किशन द्वारा संसद में इस मुद्दे को उठाने पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारियों ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पहल व्यापारियों के संघर्ष की जीत है और हमें विश्वास है कि सरकार इस पर ठोस कदम उठाएगी।मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा, “हम माननीय सांसद रवि किशन जी के अत्यंत आभारी हैं जिन्होंने व्यापारियों की प्रमुख समस्या को मजबूती से संसद में रखा। छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए उनकी यह पहल अत्यंत सराहनीय है।”




