Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

मंत्री सुरेश खन्ना के निरीक्षण में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, जोन-3 और जोन-4 के अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

फैजुल्लागंज और संजय गांधीपुरम में गंदगी देख प्रभारी मंत्री नाराज; जोनल सेनेटरी अफसरों का 5-5 दिन का वेतन काटने के निर्देश, लायन सिक्योरिटी पर ₹5 लाख जुर्माना

लखनऊ। राजधानी को स्मार्ट सिटी के अनुरूप स्वच्छ बनाने के दावों के बीच गुरुवार को वित्त एवं लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के वार्ड निरीक्षण में सफाई व्यवस्था की खामियां सामने आईं। हर महीने चार वार्डों का स्थलीय निरीक्षण करने के क्रम में मंत्री ने फैजुल्लागंज, अयोध्यादास और जोन-4 के संजय गांधीपुरम क्षेत्र का जायजा लिया। फैजुल्लागंज और संजय गांधीपुरम में सफाई की स्थिति देखकर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

🔴 फैजुल्लागंज में सफाई पर नाराज, डंपिंग यार्ड भी निशाने पर

जोन-3 के फैजुल्लागंज क्षेत्र में जगह-जगह सफाई की स्थिति से मंत्री संतुष्ट नहीं दिखे। खुले में कूड़ा और डंपिंग यार्ड की व्यवस्था पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। मंत्री ने साफ कहा कि कूड़ा खुले में नहीं फेंका जाना चाहिए।

सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर उन्होंने जोन-3 के जोनल सेनेटरी अफसर और SFI का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

⚠️ संजय गांधीपुरम में D2D बेहतर, लेकिन सफाई ने बढ़ाई नाराजगी

जोन-4 के संजय गांधीपुरम में मंत्री ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को बेहतर पाया, लेकिन क्षेत्र की समग्र सफाई व्यवस्था से वह नाराज नजर आए। निरीक्षण के दौरान नालियों की स्थिति देखकर उन्होंने यहां तक कहा कि नाली में पड़वा तक नहीं लगता है। इस पर मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

मंत्री ने जोन-4 के जोनल सेनेटरी अफसर पंकज शुक्ला औऱ SFI का पांच दिन का वेतन काटने तथा कार्यदायी लायन सिक्योरिटी पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाने के निर्देश नगर आयुक्त गौरव कुमार को दिए।

🔥 ‘सफाई देखना ही जिम्मेदारी, फिर व्यवस्था ऐसी क्यों?’

निरीक्षण के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना ने सफाई व्यवस्था की निगरानी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसएफआई के पास सफाई व्यवस्था देखने के अलावा ऐसी कोई दूसरी बड़ी जिम्मेदारी नहीं है, इसके बावजूद यदि सफाई ठीक नहीं है तो सुधार की जरूरत है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि लखनऊ स्मार्ट सिटी है और इसे वास्तव में स्मार्ट बनाने के लिए धरातल पर सफाई व्यवस्था भी उसी स्तर की होनी चाहिए।

⚡ लटकते तारों पर भी नजर, चीफ इंजीनियर को लिखेंगे पत्र

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में ऊपर लटकते और बेतरतीब तारों पर भी मंत्री की नजर पड़ी। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर संबंधित चीफ इंजीनियर को पत्र लिखा जाएगा, ताकि व्यवस्था में सुधार कराया जा सके।

🏛️ महापौर बोलीं—मंत्री के निर्देशों का होगा पालन

महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने जो निर्देश दिए हैं, उनका पालन कराया जाएगा और जहां कार्रवाई की आवश्यकता होगी, वहां कार्रवाई भी की जाएगी।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!