उन्नाव:- जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने संडीला रोड स्थित साहिल सिटी इंटर कॉलेज का उद्घाटन फीता काटकर किया!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी
जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने संडीला रोड स्थित साहिल सिटी इंटर कॉलेज का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।उद्घाटन के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण किया और आधुनिक साज-सज्जा से परिपूर्ण भवन, कक्षाओं, फर्नीचर, स्वच्छ वातावरण तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की। तत्पश्चात उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। यदि बच्चों को बेहतर वातावरण, योग्य शिक्षक और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हों, तो वे निश्चित रूप से जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं।उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार के आधुनिक शिक्षण संस्थानों की स्थापना से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। अंत में विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशांक शेखर सनी , पूर्व पालिका अध्यक्ष इजहार खान गुड्डू , रंणजय सिंह , कुरसत टाउन एरियाअध्यक्ष रईस अहमद मुन्ना , अनिकेत सिंह के अलावा शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक एवं तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रेडियोजाकी व प्रधान संघ अध्यक्ष आईआर साहिल ने किया ।


