स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता का आगाज, 110 वार्डों में शुरू हुई प्रतिस्पर्धा

महापौर सुषमा खर्कवाल ने रैली के साथ किया शुभारंभ, 12 मानकों पर होगा मूल्यांकन
लखनऊ। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता’ का शुभारंभ किया गया। जोन-8 के सेक्टर-8 वृंदावन योजना स्थित सौभाग्यम अपार्टमेंट में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधिवत शुरुआत की। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती सहित पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।.

महापौर ने बताया कि 17 से 28 फरवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में शहर के सभी 110 वार्ड भाग लेंगे। प्रत्येक वार्ड का 12 निर्धारित मानकों पर मूल्यांकन होगा, जिनमें सोर्स सेग्रीगेशन, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, नाला-नाली सफाई, स्वच्छ शौचालय, होम व कम्युनिटी कंपोस्टिंग, जीरो वेस्ट इवेंट्स और आईईसी अभियान शामिल हैं। एक सप्ताह की तैयारी के बाद नगर निगम टीम फील्ड निरीक्षण कर अंक प्रदान करेगी।

शुभारंभ से पूर्व वृंदावन योजना रोड से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें नागरिकों ने ‘मेरा वार्ड, सबसे स्वच्छ वार्ड’ का संकल्प लिया। महापौर ने कहा कि वर्तमान में लखनऊ स्वच्छता रैंकिंग में तीसरे स्थान पर है और लक्ष्य इसे नंबर एक बनाना है।
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।




