Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़फटाफट खबरेंलखनऊ

भाजपा स्थापना दिवस पर लखनऊ में 300 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को राजधानी स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित “गौरव सम्मान समारोह” में जनसंघ और भाजपा के 300 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा संयोजक डॉ नीरज सिंह ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को केसरिया अंगवस्त्र, वस्त्र एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के समक्ष समूह छायाचित्र भी कराया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के संदेशों का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है और वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि इन कर्मयोगियों के संघर्ष, तप और समर्पण ने पार्टी को आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनाया है। उन्होंने याद दिलाया कि कभी दो लोकसभा सीटों से शुरू हुई भाजपा आज केंद्र में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई दिशा स्थापित हुई है, जिसमें सड़क, बिजली, पानी, आवास और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।

कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना ही अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। समारोह के अंत में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए उन्हें संगठन की प्रेरणा बताया गया।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!